भिलाई। चंद्रा मौर्या टाकीज के सामने स्थित अर्चना टॉवर में सुजुकी मोटर्स का शोरूम खुलने से पहले ही बंद हो गया। दरअसल नगर निगम प्रशासन को जैसे ही इसकी सूचना मिली तो उसने शोरूम को बंद कराया। साथ ही निगम ने इस टॉवर में व्यवसाय से पूर्व भवन शाखा को सूचना देने की अपील भी की।
बता दें चंद्रा मौर्या टाकीज के सामने स्थित अर्चना टॉवर निर्माण काल से ही विवादित है। इस टॉवर का निर्माण होने के बाद भी एक भी शॉप अब तक नहीं खुल पाई है। इस बीच हाल में इस टॉवर में सुजुकी मोटर्स का बाइक शोरूम शुरू किया गया। नगर निगम भिलाई को अर्चना टावर में सुजुकी शोरूम का ऑफिस खुलने की जानकारी मिली। आयुक्त अशोक कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जोन के राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम द्वारा अपनी टीम के साथ जाकर उक्त शोरूम को बंद करवाया गया।

निगम प्रशासन द्वारा कहा गया है कि अर्चना टावर में किसी प्रकार किसी प्रकार का उपयोग करना प्रतिबंधित है। अर्चना टावर से किसी भी प्रकार का अनुबंध करके व्यवसाय नहीं चलाया जा सकता है। आम नागरिकों को एवं व्यवसाईयों को भी सूचित किया जा रहा है कि कोई भी अनुबंध करने से पहले नगर निगम भिलाई के भवन में शाखा से अवश्य संपर्क करें।
