रायपुर। तेलंगाना में गुरुवार को मतदान के बाद पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव को लेकर एग्जिट पोल आने शुरू हो गए हैं। गौरतलब है कि मिजोरम में 7 नवंबर, छत्तीसगढ़ में दो चरणों में 7 नवंबर और 17 नवंबर, मध्य प्रदेश में 17 नवंबर, राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान कराए जा चुके हैं। आज शाम 5.30 बजे के बाद से अलग-अलग एजेंसियों के एग्जिट पोल आने शुरू हो गए।
इंडिया टीवी सीएनएक्स के एग्जिट पोल में छत्तीसगढ़ को बहुमत
इंडिया टीवी सीएनएक्स के एग्जिट पोल अनुमान के मुताबिक छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को 46-56 सीटें मिलने का अनुमान है। भाजपा को 30-40 सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य को तीन-पांच सीटें मिलेंगी।
मध्य प्रदेश में भाजपा को बहुमत का अनुमान
रिपल्बिक-मैट्रिज के एग्जिट पोल में मध्य प्रदेश में भाजपा को 118-130 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस को 97-107 सीटें मिल सकती हैं। अन्य को 0-2 सीटें मिलने का अनुमान है। इन अनुमानों के मायने हैं कि मध्य प्रदेश में भाजपा को बहुमत मिलेगा। बता दें कि मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा सीटें हैं। बहुमत का आंकड़ा 116 है।

एग्जिट पोल: एक्सिस माय इंडिया के अनुमान, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को बढ़त
आज तक और एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल अनुमान के आधार पर छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को बढ़त मिलेगी। भाजपा को 36-46 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस के खाते में 40 से 50 सीटें आने का अनुमान लगाया गया है। अन्य और निर्दलीय के हिस्से में 1-5 सीटें जा सकती हैं। बता दें कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा सीटों की कुल संख्या 90 है। बहुमत का आंकड़ा 46 है।




