भाजपा की महतारी वंदन योजना का कांग्रेस ने निकाला तोड, महिलाओं में हर्ष का माहौल
रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच प्रदेश भर में प्रचार प्रसार जोरों पर हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रविवार को दिवाली के मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि दोबारा कांग्रेस की सरकार बनने पर छत्तीसगढ़ की महिलाओं को सालाना 15000 रुपए दिए जाएंगे। सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार गृहलक्ष्मी योजना लॉन्च करेगी। यानी छत्तीसगढ़ की महिलाओं को हर माह 1250 रुपए दिए जाएंगे। सीएम भूपेश बघेल की इस घोषणा ने भाजपा के महतारी वंदन योजना का तोड़ निकाल दिया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से चर्चा के दौरान यह घोषणा की।
बता दें इससे पहले छत्तीसगढ़ में भाजपा ने महतारी वंदन योजना की घोषणा की है। इस योजना के तहत भाजपा प्रति माह एक हजार रुपए देने का वादा किया है। यानी भाजपा साल के 12000 रुपए महिलाओं को देगी। प्रचार के दौरान भाजपा महतारी वंदन योजना के फॉर्म भी भरवा रही है। वहीं आज कांग्रेस पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महिलाओं को साल का 15000 रुपए देने की घोषणा कर भाजपा के नहले पर दहला फेंक दिया है। कांग्रेस की इस घोषणा के बाद महिलाओं में खुशी की लहर है। वहीं अब यह देखना दिलचस्प होगा अब भाजपा क्या करती है।
सभी महिलाओं को मिलेंगे 15000 सालाना
सीएम भूपेश बघेल ने गृहलक्ष्मी योजना को लेकर बताया कि इस योजना के तहत प्रदेश की सभी शादीशुदा महिलाओं को सालाना 15000 रुपए दिए जाएंगे। इसके किसी भी तरह का पेंच नहीं होगा। गृहलक्ष्मी सभी के घर पर होती है इसलिए यह योजना सभी महिलाओं के लिए समर्पित रहेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की दोबारा सरकार बनने के बाद गृह लक्ष्मी योजना को प्रमुखता से लॉन्च किया जाएगा।
मोदी की गारंटी की कोई गारंटी नहीं
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मीडिया से चर्चा करते हुए भारतीय जनता पार्टी के महतारी वंदन योजना के तहत फार्म भरवाए जाने पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होनें कहा कि भाजपा वालो ने मोदी की गारंटी के नाम से घोषणा पत्र जारी किया। अब इस योजना के तहत फॉर्म भी भरवा रहे है। चुनाव आयोग ने इस पर संज्ञान लिया है और कार्रवाई भी हो रही है। रही बात मोदी की गारंटी की तो मोदी गारंटी की कोई गारंटी नहीं है। कांग्रेस सरकार पर जनता का भरोसा है और कांग्रेस कर हर वादा पूरा होगा इसकी गारंटी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मौके पर प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की बधाई भी दी है।