भिलाई। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए बहु प्रतिक्षित कांग्रेस की पहली सूची जारी हो गई। नवरात्रि के पहले दिन एआईसीसी ने 30 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। इस सूची में पहले चरण में 20 सीटों पर होने वाले मतदान के लिए 19 सीटों पर ही प्रत्याशियों का चयन किया गया है। जगदलपुर विधानसभा सीट को सस्पेंस में रखा गया है। इसके अलावा 11 सीटों पर प्रत्याशियों का चयन किया गया। इनमें ज्यादातर तय नाम दिखे। वहीं 6 विधायकों की टिकट भी काटी गई है।
जिन विधायकों की टिकट काटी गई उनमें बस्तर संभाग से अंतागढ़ विधायक अनूप नाग, दंतेवाड़ा विधायक देवती कर्मा, चित्रकोट विधायक राजमन बेंजाम की टिकट कटी। चित्रकोट से इस बाद पीसीसी अध्यक्ष व सांसद दीपक बैज को टिकट दिया गया है। वहीं नवागढ़ विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे का टिकट काटकर उनके स्थान पर गुरु रूद्र कुमार को मौका दिया गया है। दंतेवाड़ा विधायक देवती कर्मा की जगह छविंद्र कर्मा को टिकट मिला है। छविंद्र कर्मा कांग्रेस नेता व पूर्व सांसद दिवंगत महेंद्र कर्मा के बेटे हैं। कांग्रेस ने डोंगरगढ़ से इस बार नए चेहरे पर दांव खेला है। विधायक भुवनेश्वर बघेल की टिकट काटकर जिला पंचायत सदस्य हर्षिता स्वामी बघेल को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा खुज्जी विधानसभा से छन्नी साहू का टिकट काटा गया है। छन्नी साहू की जगह भोला राम साहू को टिकट दिया गया है।
मंत्री प्रेमसाय सिंह सिंह को छोड़ सभी को मिली टिकट
कांग्रेस ने डॉ प्रेमसाय सिंह टेकाम मंत्री को छोड़कर बाकी सभी मंत्रियों की टिकट जारी कर दी है। प्रेमसाय सिंह टेकाम प्रतापपुर विधानसभा से विधायक हैं। इस सीट पर अभी नाम फाइनल नहीं हुआ है। इनके अलावा मौजूदा सरकार के सभी मंत्रियों की टिकट फाइनल कर दी गई है। इनमें से केवल गुरु रुद्रकुमार की सीट बदली गई है। कांग्रेस की पहली सूची में चार महिलाओं को टिकट दिया है। 30 उम्मीदवारों की पहली सूची में 4 महिलाएं यानी 2 प्रतिशत भी महिला उम्मीदवार नहीं हैं। जबकि कांग्रेस पार्टी ने 25 फीसदी सीटों पर महिला उम्मीदवारों को उतारने की बात कही है।
