भिलाई। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता लग गई है। आचार संहिता लगने के बाद जिला प्रशासन व निगम प्रशासन द्वारा क्षेत्र में संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत राजनीतिक दलों के होर्डिंग्स, वॉल पेंटिग आदि मिटाया जा रहा है। इसी कड़ी में सेक्टर-7 फ्लाईओवर के नीचे वॉल पेंटिंग मिटाने व होर्डिंग हटाने के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। कुछ युवक पहुंचे और निगम कर्मियों से विवाद करने लगे। इस दौरान एक युवक ने निगम कर्मी के साथ हाथापाई भी की। अब इस पूरे मामले में भिलाई निगम आयुक्त रोहित व्यास ने एफआईआर कराने का निर्देश दिया है।
बताया जा रहा है कि जिस युवक ने निगम कर्मियों से विवाद के बाद हाथापाई की और धमकाने का प्रयास किया वह एक राजनीतिक दल का समर्थक है। अपने दल के होर्डिंग व वॉल पेंटिंग को मिटाने पर वह नाराज हो गया और निगम कर्मियों से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और कुछ लोगों ने बीच बचाव भी शुरू किया। काफी देर तक यहां तनाव की स्थिति रही। वहीं इस पूरी घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
करा रहे हैं एफआईआर
इस मामले में भिलाई निगम आयुक्त रोहित व्यास ने बताया कि नगर निगम द्वारा सभी जोन में संपत्ति विरूपण की कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान सेक्टर-7 व 8 के बीच फ्लाईओवर के नीचे निगम कर्मियों से हाथापाई हुई। इस मामले में निगम द्वारा एफआईआर करवाई जा रही है।





