लखनऊ। भाजपा विधायक के फ्लैट में मीडिया सेल के कर्मचारी ने फांसी लगाकार आत्महत्या कर ली। घटना के बाद हड़कंप मचा हुआ है। घटना यूपी के हजरतगंज की है। यहां के भाजपा विधायक योगेश शुक्ला के फ्लैट नंबर 804 में रविवार देर रात उनके मीडिया सेल के कर्मचारी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़कर भीतर गई और फंदे से शव उतारा। अभी तक खुदकुशी की वजह का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार बाराबंकी हैदरगढ़ निवासी 24 वर्षीय श्रेष्ठ तिवारी भाजपा विधायक योगेश शुक्ला के मीडिया सेल में काम करता था। रविवार रात को वह फ्लैट पर अकेला था। रात करीब साढ़े 11 बजे श्रेष्ठ तिवारी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार खुदकुशी का कारण पता किया जा रहा है। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस ने बताया कि श्रेष्ठ तिवारी ने खुदकुशी करने से पहले अपने किसी परिचित को कॉल कर कहा कि वह खुदकुशी करने जा रहा है। जिसको उसने कॉल की थी उस शख्स ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम को फ्लैट नंबर 804 में भेजा गया। दरवाजा भीतर बंद था। तोड़कर जब पुलिस भीतर दाखिल हुई तो श्रेष्ठ फंदे से लटकता मिला। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है।




