रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले सोमवार दोपहर को उस समय हड़कंप मच गया जब यहां के मांड नदी में एक साथ 3 शव मिले हैं। सोमवार की दोपहर को लोगों ने महिला व दो बच्चों के शव देखे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पीएम लिए भेजा। आशंका है कि महिला ने दो बच्चों के साथ नदी में कूदकर जान दी। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना भूपदेवरपुर इलाके का है।

मिली जानकारी के मुताबिक खरसिया क्षेत्र के मांड नदी में सोमवार की दोपहर एक महिला व दो बच्चों के शव तैरते मिले। महिला की उम्र 35 से 40 साल के करीब बताई जा रही है। वहीं एक बच्चे की उम्र 6-7 साल और दूसरे बच्चे की 4-5 साल होने की संभावना जताई जा रही है। आसपास के लोगों ने शव मिलने की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने आसपास के थानों में मृतकों की तस्वीरों को भेजा है। पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। वहीं पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।




