भिलाई। दुर्ग पुलिस ने शनिवार रात को शहर में कॉबिंग गश्त की। दुर्ग पुलिस ने 25 टीम बनाकर शहर के अलग अलग क्षेत्रों में दबिश दी। कॉबिंग गश्त के दौरान पुलिस को कई वारंटियों को पकड़ने में सफलता मिली है। इस दौरान शहर के बारों में पुलिस की दबिश दी गई। तय समय से ज्यादा समय तक खुले मिले बार संचालकों पर कार्रवाई की गई।

बता दें पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा के द्वारा समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों की मीटिंग पुलिस कंट्रोल रूम भिलाई में लेकर फरार वारंटीओं को गिरफ्तार करने निर्देश दिए गए थे। एएसपी संजय कुमार ध्रुव व एएसपी ग्रामीण अनंत साहू नेतृत्व में रात 9 बजे से कांबिंग गश्त कराया गया था। इस अभियान में कुल 268 वारंटी तामिल कराई गई। इस गश्त के दौरान राजपत्रित अधिकारी , 17 थाना प्रभारी सहित 100 से अधिक पुलिस कर्मी तैनात किए गए थे। शहर के सभी थानों में वारंट के लंबित मामले बढ़ने से आरोपित के फरार होने व वारंट तामीली नहीं होने से न्यायालय मे प्रकरण लंबित थे। वारंट की तामीली होने से पीड़ितों को न्याय मिल सकेगा।
बारों में पड़ी पुलिस की रेड
दुर्ग पुलिस के द्वारा कल 18 घंटे से लगातार चल रही इस कवायद में कल 25 टीम बनाकर जिले के नामचीन बारों में एक साथ चेकिंग कार्यवाही भी की गई थी, जिससे बार संचालकों में हड़कंप मच गया। बार में दबिश के दौरान भी कई वारंटी भी पकड़े गए। इसके अलावा निगरानी बदमाश, गुंडा बदमाशों की भी रात में सरप्राइस चेकिंग की गई और उन्हें किसी भी अपराध में शामिल ना होने की हिदायत दी गई।




