जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दंतैल हाथी के कहर से ग्रामीणों में दहशत है। बुधवार देर रात को दंतैल हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। यहां कई मकानों को तोड़ने के साथ ही दंतैल हार्थी ने एक अधड़ महिला को कुचलकर मार डाला। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है। वहीं सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की सलाह दी है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र के देवरी गांव की है। बुधवार की रात लगभग 11 बजे गांव में एक दंतैल हाथी पहुंच गया। दंतैल हाथी मकानों को तोड़ने लगा। इस दौरान गांव में अफरा तफरी मच गई। जान बचाने के लिए लोग घर छोड़ कर भागने लगे। इस बीच सुमति बाई (50) अपनी जान बचाने के लिए मकान से बाहर निकल गई। इससे पहले की वह भाग पाती दतैंल हाथी ने उसे पकड़ लिया और जमीन पर पटक कर व कुचलकर उसकी जान ले ली। इस दौरान हाथी ने तीन मकानों को नुकसान पहुंचाया।



