बिलासपुर। शहर के पॉश कॉलोनी में लाखों की चोरी की घटना से हड़कंप मच गया है। यहां के तीन मकानों में चोरों ने धावा बोला। कॉलोनी में रहने वाले कॉलेज के स्पोर्ट्स ऑफिसर के घर से 28 तोला सोना और चार लाख रुपए कैश पार कर दिया। चोरी की वारदात में शामिल चोर भी सीसी टीवी फुटेज में देखे जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि दो चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया है। पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार यह घटना उसलापुर-मंगला स्थित अलका एवेन्यू कॉलोनी की है। यहां रहने वाले डॉ. सुरेश सिंह पवार गर्ल्स डिग्री कॉलेज में स्पोर्ट्स ऑफिसर हैं। उनके पोते का जन्मदिन होने पर वे परिवार के साथ रायपुर गए थे। रविवार की रात को चोरों ने इनके घर पर धावा बोला। घर के लकड़ी के दरवाले का लॉक तोड़कर घर में घुसे। इससे पहले चोरों ने पत्थर मारकर कुत्ते को बेहोश किया था। इनकी यह हरकत सीसी टीवी फुटेज में देखी जा सकती है।
सोमवार की सुबह जब डॉ. सुरेश सिंह पवार अपने घर पहुंचे तो उन्हें चोरी का पता चला। पुलिस को उन्होंने बताया कि उनके दरवाजे का लॉक टूटा हुआ था और अंदर कमरों में सामान बिखरे पड़े थे। चोरों ने उनके घर से 28 तोला सोना और करीब 4 लाख रुपए नगदी पार कर दिया। पुलिस ने जब सीसी फुटेज जांचे तो दो बदमाश दिखाई दिए जो ईंट मार-मार कर कुत्ते को बेहोश करते दिखे। इस दौरान एक बदमाश ताला तोड़ रहा था।




