भिलाई। सीमा सुरक्षा बल द्वारा शुक्रवार को पर्यावरण सरंक्षण के लिए नेक पहल की। बीएसएफ सीमान्त मुख्यालय (विशेष संक्रिया) भिलाई छत्तीसगढ़ के महानिरीक्षक इंदराज सिंह की अगुवाई में वृहद स्तर पर पौधरोपण किया गया। इस दौरान सेक्टर-9 में 1075 फलदार एवं छायादार पौधे लगाये गए। इस अभियान में सीमा सुरक्षा बल के साथ साथ सेल्यूट तिरंगा संघ, छत्तीसगढ एवं पर्यावरण मि़त्र डिविजन भिलाई ने भी भाग लिया।


बता दें सीमा सुरक्षा बल नक्सल अभियान के साथ-साथ पर्यावरण की सुरक्षा के लिए भी कृत संकल्प है। सीमा सुरक्षा बल हर साल बरसात के मौसम में अपने आसपास के इलाके में वृक्षारोपण का कार्य करती है। इस वर्ष सीमान्त मुख्यालय एवं इसके अन्तर्गत कार्य करने वाली बटालियनों द्वारा 1,43,000 पौधरोपण करने का लक्ष्य रखा गया है। पौधरोपण कार्यक्रम के बाद आईजी इंदराज सिंह, कहा कि वन एवं पर्यावरण हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है, उन्हें संरक्षित रखना हमारा परम कर्तव्य है। सभी को इसके लिए बढ़ चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए तथा सभी को अपने आस-पास ज्यादा से ज्यादा वृक्ष लगाकर धरा को समृध्द बनाना चाहिए।




