जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में इन दिनों बारिश के कारण नदी नाले उफान पर है। इसके कारण हादसे भी हो रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को जगदलपुर के नजदीक दरभा थाना के पखनार चौकी क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया। यहां बहने वाले मुनगा नाला में बहने से मां और बेटे की मौत हो गई। किनारे महिला की सास खड़ी रही जिसने दोनों को बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन बचा न सकी। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से दोनों के शव बाहर निकलवाए।
मिली जानकारी के अनुसार कटेनर गांव में रहने वाली फूलो मांडवी (38) अपने बच्चे मनेष को लेकर अपने खेत जा रही थी। उसके साथ उसकी सास भी थी। मुनगा नाला पर करते हुए अचानक फूलो मांडवी का पैर फिसल गया और वह बच्चे के साथ गहरे पानी में चली गईं। पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई। सास ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वह बचा नहीं पाई। मौके पर पहुंची एसडीआरफ की टीम ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को शव को बाहर निकाला।
मृतका की सास ने बताया कि बहू और पोते गहरे में डूबने लगा। उन्होंने बचाव के आवाज भी लगाई। सास ने जितना हो सका उतना उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन वह सफल नहीं हो पाई। महिला ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को भी दी, लेकिन उनके पानी तक पहुंचने से पहले ही दोनों डूब चुके थे। मां-बेटे की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।




