रायपुर। छत्तीसगढ़ में मंत्रियों के जिला प्रभार में फेरबदल किया गया है। छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इस संबंध में गुरुवार देर रात आदेश जारी किया गया। छत्तीसगढ़ सरकार के सभी 12 मंत्रियों के प्रभारी जिलों की नई सूची जारी की गई है। आदेश के अनुसार गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को महासमुंद व बिलासपुर की जिम्मेदारी मिली है। वहीं ड़िप्टी सीएम टीएस सिंहदेव बेमेतरा व कबीरधाम जिले की जिम्मेदारी संभालेंगे।
मंत्री मोहम्मद अकबर के पास दुर्ग जिले का प्रभार यथावत रखा गया है साथ ही उन्हें बालोद जिले की जिम्मेदारी भी दी गई है। मंत्री रविन्द्र चौबे को रायपुर और रायगढ़ की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा कवासी लखमा को बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, कोण्डागांव, नारायणपुर तथा मंत्री शिव डहरिया को सरगुजा(अंबिकापुर), बलरामपुर-रामनुजगंज, सूरजपुर व कोरबा जिले का प्रभारी बनाया गया। इसी प्रकार महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया को उत्तर बस्तर कांकेर व धमतरी तथा मंत्री गुरू रूद्रकुमार को मुंगेली व सुकमा की जिम्मेदारी दी गई है।
राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल को जांजगीर-चांपा, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, सक्ती का प्रभार दिया गया है। मंत्री उमेश पटेल को बलौदाबाजार-भाटापारा, सारंगढ़-बिलाईगढ़, जशपुर की जिम्मेदारी दी गई है। मोहन मरकाम को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर व कोरिया तथा मंत्री अमरजीत भगत को राजनांदगाव, गरियाबंद, खैरागढ़-छुईखदान-गंड़ई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी की जिम्मेदारी मिली है।





