राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में टमाटर की कीमतों में आग लगी हुई है। लोगों को एक किलो टमाटर के लिए 100 से 140 रुपए तक खर्च करने पड़ रहे हैं। ऐसे समय में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में एक अलग ही नजारा देखने को मिला। यहां टमाटर खरीदने ऐसी भीड़ उमड़ी कि पलक झपकते ही 270 किलो टमाटर बिक गए। हालात यह रहे कि कई लोगों को टमाटर नहीं मिला और खाली हाथ जाना पड़ा। आखिर इस टमाटर में ऐसा था कि लोग लाइन लगाकर ले रहे थे।
दरअसल यह टमाटर भी आम टमाटर ही है लेकिन इसे बाजार से आधी दरों पर बेचा जा रहा है। यहां पर लायंस क्लब आफ नांदगांव द्वारा एक अनूठी पहल की गई। गरीब व मध्यम वर्ग के लोगों को आधे दाम में टमाटर उपलब्ध कराने गुरुद्वारा के सामने स्टाल लगाया गया था। जो टमाटर बाजार में 100 से 120 रुपए प्रति किलो में बिक रहा था, उसे लोगों को 50 रुपए प्रति किलो के हिसाब से दिया गया। जैसे ही लोगों को पता चला यहां लंबी लाइन लग गई। सुबह 11 बजे स्टॉल शुरू हुआ और मात्र सवा दो घंटे में 270 किलो टमाटर बिक गए। कई लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ गया।

एक व्यक्ति को दो किलो टमाटर
लोगों को आधे दाम में टमाटर देने के लिए लॉयंस क्लब के सदस्यों ने सब्जी मंडी से थोक भाव में 13 कैरेट यानी लगभग 270 किलो टमाटर खरीदा था। 80 से 90 रुपए किलो के भाव से खरीदने के बाद लोगों को 50 रुपए प्रतिकिलो के हिसाब से बांटा गया। संस्था के सदस्यो ने नुकसान सहा और लोगों को आधे दाम में टमाटर उपलब्ध कराया। प्रति व्यक्ति दो किलो टमाटर दिया जा रहा था। संस्था के सदस्यों ने बताया कि उन्होंने लोगों को राहत देने एक छोटी पहल की है।
