रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की बहुचर्चित कॉलोनी कमल विहार का नाम बदल दिया गया है। छत्तीसगढ़ शासन आवास एवं पर्यावरण विभाग ने इस संबंध में बुधवार को आदेश जारी कर दिया है। सरकार ने कमल विहार का नाम बदलकर माता कौशल्या विहार रख दिया है। इसके साथ ही अब कमल विहार को माता कौशल्या विहार के नाम से जाना जाएगा।

बता दें कमल विहार प्रोजेक्ट छत्तीसगढ़ में तात्कालीन भाजपा सरकार ने बनाया था। इसके नाम को लेकर कांग्रेस ने उस समय भी विरोध किया था। दरअसल कमल नाम होने से भाजपा का चुनाव चिह्न प्रदर्शित हो रहा था। कांग्रेस पार्टी प्रोजेक्ट के विरोध में कभी नहीं लेकिन नाम को लेकर उसे आपत्ति रही। अब जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बन गई है तो इसके नाम बदलने का काम शुरू हुआ। विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने नाम बदल दिया।
छत्तीसगढ़ शासन आवास एवं पर्यावरण विभाग के उपसचिव डी. राहुल वेंकट द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973 (क्रमांक 23 सन 1973) की धारा 50 की उपधारा (4) के अंतर्गत रायपुर विकास प्राधिकरण कमल विहार की योजना लाई गई। राज्य सरकार सूचित करती है कि उक्त नगर विकास योजना कमल विहार को कौशल्या माता विहार के नाम से जाना जाए।





