रायपुर। राजधानी रायपुर में निको कंपनी के अधिकारी ने अपने घर पर खुदकुशी कर ली। उसने अपने की लाइसेंसी पिस्तौल से खुद को गोली मार ली जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के समय घर पर उसकी पत्नी भी थी। पति की खुदकुशी से वह बदहवास हो गई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना खमतराई थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के अनुसार भनपुरी से लगे धन लक्ष्मी नगर निवासी आलोक सिंह (45) ने अपने घर पर खुद की लाइसेंसी पिस्तौल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वह 3 बच्चों व पत्नी साथ यहां रह रहा था। निको इस्पात में वह अधिकारी था। दो दिन पहले उसने नौकरी से इस्तीफा दिया और अब खुदकुशी कर ली है। घटना शुक्रवार दोपहर 12 बजे की बताई जा रही है। घटना के समय उसकी पत्नी घर पर थी और बच्चे स्कूल गए हुए थे। अचानक कमरे से फायर की आवाज आई। पत्नी ने जाकर देखा तो आलोक सिंह लहूलुहान अवस्था में फर्स पर पड़ा हुआ था।

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान पता चला है कि जिस पिस्तौल से उसने खुद को गोली मारी उसे उत्तर प्रदेश से लिया था और वहीं से लाइसेंस भी लिया। बाद में छत्तीसगढ़ से लाइसेंस ट्रांसफर हुआ। फिलहाल आत्महत्या का कारण पुलिस को पता नहीं चल पाया है। वहीं कुछ लोगों से मृतक के लेनदेन की बातें सामने आई हैं। वहीं मृतक वर्कलोड से भी परेशान था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
