बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी में बिलासपुर में व्यापारी के घर पर लाखों की चोरी हो गई। घटना रविवार रात की है और व्यापारी को इसकी जानकारी सुबह लगी। दरअसल व्यापारी के परिवार के सदस्य रात को खाना खाने के बाद अपने अपने कमरे में सोने चले गए। जिस कमरे में चोरी हुई उस कमरे में कोई नहीं था। चोरी की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। व्यापारी ने बताया कि घर से 50 तोला सोना और करीब दो किलो चांदी व नगदी की चोरी हुई है।
यह पूरा मामला बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र का है। यहां के गुरुदेव वस्त्रालय के संचालक जयराम नगर निवासी बद्री प्रसाद शर्मा, संजीव शर्मा, विवेक शर्मा के घर पर चोरी हुई है। सभी भाई एक साथ संयुक्त परिवार में रहते हैं। पुलिस ने बताया कि रविवार रात को सभी ने रात का खाना खाया और अपने अपने कमरे में सोने चले। परिवार में 15 से ज्यादा सदस्य हैं। इसबीच रात 12 सक 3 बजे के बीच चोरी की बात कही जा रही है। चोर सीधे उसी कमरे में घुसे जिसमें सोने चांदी के जेवर व नगदी रखा हुआ था। चोरों ने घर से करीब 30 लाख रुपए के जेवर व नगदी पर हाथ साफ कर दिया।

नींद खुली तो पता चला चोरी हो गई
रात में चोर घुसे और घर से बड़े आराम से चोरी कर गए और किसी को कानोकान खबर नहीं हुई। जबकि घर पर सभी सदस्य मौजूद रहे। सुबह जब नींद खुली तो इन्हें चोरी का पता चला। कमरा खुला था और अलमारी भी खुली पड़ी थी। उसके अंदर रखे सोने-चांदी के गहने और कैश गायब थे। सूचना मिलने पर मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि चोरी करने वाले कोई करीबी है।

पुलिस का कहना है कि चोर को अच्छी तरह से पता था कि कैश व गहने कहां रखे हुए हैं। चोर ने बड़ी आसानी से इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब इस मामले में परिवार के लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं दुकान के नौकरों से भी पूछताछ की जा रही है। यही नहीं पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसी टीवी फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।