बिलासपुर। शहर में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। मुख्य शहर के मंगला चौक पर एक तीन मंजिला बिल्डिंग भराभराकर गिर गई। जिस समय बिल्डिंग गिरी उस समय उसमें कोई मौजूद नहीं था इसके कारण कई लोगों की जान जाने से बच गई। शहर के व्यस्ततम चौक पर स्थित इस बिल्डिंग में मेडिकल स्टोर और एक ज्वेलरी शॉप संचालित हो रहा था जो सुबह खुला नहीं और हादसा हो गया। आसपास के लोगों ने बिल्डिंग गिरने की वजह नगर निगम की लापरवाही को बताया है।

मिली जानकारी के अनुसार मंगला चौक स्थित मेडिकल स्टोर व ज्वेलरी शॉप वाली तीन मंजिला इमारत ढह गई। हादसा आज सुबह 7 बजे के आसपास का बताया जा रहा है। गनीमत की बात यह है कि बिल्डिंग में हादसे के वक्त कोई मौजूद नहीं था। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के ठीक नीचे निगम प्रशासन द्वारा नाला निर्माण कराया जा रहा है। नाला निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे के कारण भवन का बेस कमजोर हुआ, जिसकी वजह से बिल्डिंग गिर गई।




