बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में विधवा महिला की हत्या का मामला सामने आया है। दो युवकों ने पहले विधवा महिला से रजामंदी के बाद संबंध बनाए और उसके बाद तीनों ने एक साथ बैठकर शराब की। शराब के नशे में महिला से दोनों ने जबरदस्ती करना शुरू किया। इसबार महिला ने विरोध किया तो नशे में हैवान बने युवकों ने कुल्हाड़ी मारकर महिला की हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों भाग गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को ग्राम जवाहरनगर निवासी विधवा बिलासी बाई उरांव का शव घर में पड़े होने की सूचना मिली थी। बुधवार की सुबह पुलिस घर पहुंची और शव बरामद किया। शव सड़ चुका था और चारों ओर बदबू आ रही थी। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और आरोपियों की तलाश शुरू की। एसपी के निदेर्श पर पुलिस एक टीम गांव में ही डटी रही।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका के घर पर आखिरी बार करीब चार दिन पहले गांव के ही द्वारिका प्रसाद उर्फ शिशु उरांव (19) और मंगलसाय उरांव (33) को देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। दोनों झारखंड अपने रिश्तेदार के घर जाने की तैयारी में थे। पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो दोनों ने सारी सच्चाई उगल दी। दोनों युवकों ने बताया कि उन्होंने शराब के नशे में महिला की हत्या कर दी।
एक जुलाई की है घटना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि एक जुलाई को दोनों महिला के घर पर गए थे। तीनों ने एक साथ बैठकर शराब पी। नशा होने के बाद दोनों ने बारी बारी महिला से संबंध बनाए। संबंध बनाने के बाद फिर से तीनों ने शराब पी। इसके बाद दोनों फिर से महिला से संबंध बनाना चाह रहे थे। इसके लिए महिला ने फटकार लगाई और शोर मचाने की धमकी दी। महिला की धमकी से दोनों डर गए और कुल्हाडी से उसके सिर पर वार कर लिया। महिला की मौत होने के बाद उसका शव छोड़कर भाग गए। इसके बाद दोनों महिला के घर की निगरानी भी करते रहे। इस बीच पुलिस जांच शुरू हुई तो वे झारखंड अपने रिश्तेदार के यहां भागने के फिराक में थे। इससे पहले ही पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।




