रायपुर। राजधानी रायपुर के लोगों के लिए खुशखबरी है। नवा रायपुर और मंत्रालय तक जाने के लिए अब लोगों को सीधी ट्रेन की सुविध मिलने जा रही है। 7 जुलाई को रायपुर जंक्शन से केन्द्री के बीच मेमू ट्रेन की शुरुआत की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने रायपुर प्रवास के दौरान रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक एक से नवा रायपुर के लिए मेमू को हरी झंडी दिखाएंगे।

बता दें नवा रायपुर में मुख्यमंत्री निवास, राजभवन, मंत्रालय, पुलिस मुख्यालय सहित ज्यादातर विभागों के मुख्यालय शिफ्ट हो गए हैं। विभागीय काम के लिए लोगों को अक्सर नवा रायपुर जाना पड़ रहा है। लोगों की परेशानी को देखते हुए केन्द्री तक नई रेलवे लाइन बिछाने का काम शुरू हुआ और इसे पूरा भी कर लिया गया। एनआरडीए द्वारा नवा रायपुर में अटलनगर, उद्योग नगर, सीबीडी, मुक्तांगन और केंद्री रेलवे स्टेशन बनाया गया हैं। केंद्री रेलवे स्टेशन का निर्माण रेलवे ने पूरा कर लिया है। शेष रेलवे स्टेशनों का काम होना है।
7 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा मेमू को हरी झंडी दिखाई जाएगी। शुरुआत के तौर पर यह ट्रेन मंदिर हसौद से कटकर केन्द्री तक जाएगी। अटलनगर, उद्योग नगर, सीबीडी व मुक्तांगन के रेलवे स्टेशन का काम पूरा नहीं हुआ है। रेलवे ने पटरी बिछाकर अपना काम कर दिया है। नवा रायपुर में बाकी चारों रेलवे स्टेशन का निर्माण एनआरडीए को करना है। एनआरडीए ने चारों स्टेशनों के निर्माण के लिए टेंडर जारी कर एजेंसी नियुक्त कर दी है। सभी स्टेशन बनने के बाद मेमू इन स्टेशनों पर रुकेगी और लोगों को मंत्रालय से जुड़े काम के लिए नवा रायपुर जाने की आसान व बेहतर सुविधा भी मिलेगी।




