रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बस्तर दौरा अचानक रद्द हो गया है। रविवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जगदलपुर में बस्तर गोंचा महापर्व में शामिल होने जाने वाले थे। वहीं सुकमा में भी उन्हें एक कार्यक्रम में शामिल होना था। रविवार को सुबह से जारी बारिश के कारण मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बस्तर का दौरा रद्द करना पड़ा। सीएम बघेल अब वर्चुअली सुकमा और जगदलपुर में होने वाले कार्यक्रम में जुड़ेंगे।

बता दें छत्तीसगढ़ में दक्षिण पश्चिम मानसून का प्रवेश हो गया है और इसके साथ ही लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है। शनिवार को पूरे प्रदेश में मानसून की एंट्री हुई और इसके कारण आधी रात से ही बारिश का दौर जारी है। छत्तीसगढ़ के लगभग सभी जिलो में हल्की से मध्यम व तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दो दिनों में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी दी है। इधर लगातार हो रहे बारिश के कारण मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अपना बस्तर का दौरा रद्द करना पड़ा।




