भिलाई। वैशाली नगर विधानसभा के दिवंगत विधायक विद्यासरतन भसीन को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने श्रद्धांजलि देते हुए बड़ी घोषणा की है। शनिवार शाम को वैशाली नगर में दिवंगत नेता के निवास पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद मीडिया से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत नेता के कार्यशैली व उनके व्यवहार की सराहना की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि रायपुर नाका से बोगदापुल जामुल तक की सड़क का नामकरण विद्यारतन भसीन के नाम पर होगा। अब यह सड़क स्व विद्यारतन भसीन मार्ग के नाम से जाना जाएगा।

बता दें 22-23 जून की दरमियानी रात को वैशाली नगर विधायक विद्यारतन भसीन का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। 23 जून को रामनगर में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इनके निधन के बाद भारतीय जनता पार्टी के साथ ही वैशाली नगर विधानसभा में शोक की लहर व्याप्त हो गई। शनिवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दुर्ग दौरे पर थे और इस दौरान उन्होंने वैशाली नगर में दिवंगत नेता के निवास पर पहुंचकर शोक उन्होंने स्वर्गीय विद्यारतन भसीन के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम में श्रीमती चन्दर भसीन और उनके परिवारजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की।
अलग दल का होने के बाद भी हमारे संबंध अच्छे
श्रद्धांजलि देने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि स्व विद्यारतन भसीन काफी मिलनसार नेता थे। उनके द्वारा सभी के लिए खुले रहते थे। अलग अलग दल का होने के बाद भी हमारे उनके साथ बडे अच्छे संबंध रहे हैं। जब भी विधानसभा में मिलने काफी आत्मियता के साथ मिलते थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि स्व विद्यारतन भसीन की स्मृति को चिरस्थाई रखने के लिए रायपुर नाक से लेकर जामुल बोगदा की सड़क का नाम उनके नाम पर होगा। आगे से यह सड़क विद्यारतन भसीन मार्ग के नाम से जाना जाएगा। दिवंगत भाजपा नेता की बड़ी बेटी दिव्या भसीन ने बताया कि रायपुर नाका से बोगदा पुलिया तक सड़क उनके पिता के कार्यकाल में बनी थी, इसलिए उस रोड का नाम स्वर्गीय विद्यारतन भसीन के नाम करने की मांग की थी। उन्होंने मुख्यमंत्री बघेल द्वारा घोषणा किए जाने का बाद उनका आभार जताया।




