कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दुष्कर्म करने वाला कोई और नहीं बल्कि नाबालिग की सहेली का पिता है। दरअसल 16 साल की नाबालिग अपनी सहेली से मिलने उसके घर गई थी। इस दौरान उसकी सहेली तो घर पर नहीं थी। उसके घर पर सहेली का पिता अकेला था और नाबालिग को देख उसकी नीयत बिगड़ गई। सहेली का पिता उसे घर के अंदर खींचकर ले गया और दुष्कर्म किया। इस मामले शिकायत के बाद भी पुलिस ने दो दिन एफआईआर नहीं की। एसडीओपी की दखल के बाद मामला दर्ज हुआ और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

घटना 19 जून की बताई जा रही है। जिले के गोण्डाहुर थाना क्षेत्र में रहने वाली नाबालिग अपनी सहेली के रविंद्र नगर स्थित घर गई थी। घर पहुंचकर उसने आवाज लगाई तो उसकी सहेली का पिता बाहर निकला। घर पर कोई नहीं था और इसका फायदा उठाते हुए वह लड़की को खींचते हुए अंदर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद नाबालिग को जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद नाबालिग काफी देर तक घर नहीं लौटी तो उसकी छोटी बहन वहां पहुंची और अपनी दीदी की हालत देख शोर मचाया। आसपास के लोग वहां पहुंचे और नाबालिग के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई। इधर पुलिस दो दिनों तक एफआईआर दर्ज न कर पीड़िता को घुमाती रही। पीड़िता ने परिजनों के साथ इसकी शिकायत पखांजूर एसडीओपी से की। एसडीओपी के निर्देश पर 22 जून को पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया और 23 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।




