रायपुर। 22 जून को केन्द्रीय मंत्री अमित शाह दुर्ग जिले के प्रवास पर रहेंगे। इसे लेकर राजनीति तेज हो गई है। एक ओर छत्तीसगढ़ में आने वाले केन्द्रीय मंत्री भूपेश सरकार पर हमलावर हैं तो सीएम बघेल भी पलटवार करने से पीछे नहीं रहते। इस बीच बुधवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धर्मांतरण से लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बयान व केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि अमित शाह सरोज दीदी का जन्मदिन मनाने आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि 22 जून को सरोज दीदी का जन्मदिन हैं और हो सकता है कि केन्द्रीय मंत्री अमित शाह उनका जन्मदिन मनाने आ रहे हों। हमारी छोटी बहन हैं। हम भी बधाई देते हैं। इस दौरान सीएम भूपेश बघेल ने यह भी कहा कि दुर्ग हमेशा से कांग्रेस का गढ़ रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने धर्मांतरण भी बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के समय सबसे ज्यादा चर्च बने। वे इस बात का खंडन करके बताएं। उनके पास तो सारी एजेंसी है।
भाजपा के लोग आरोप लगाते हैं प्रदेश में विदेशी फंडिंग हो रही है। भारत सरकार की अनुमति के बिना विदेशी फंडिग कैसे हो सकती है। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि, 2006 के बाद छत्तीसगढ़ में बीजेपी ने धर्मांतरण को लेकर कानून बनाया था। 2006 में विधानसभा में बिल पारित हुआ, लेकिन ये आज तक अटका क्यों है। इसे पारित क्यों नहीं कराया। 15 साल इस राज्य में बीजेपी को मौका मिला। इसमें 2014 से लेकर 2018 तक केंद्र और राज्य में इनकी ही सरकार थी।




