भिलाई। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की सरगमी तेज हो गई है। एक ओर कांग्रेस पार्टी संभागीय सम्मेलन कर कार्यकर्ताओं को एकजुट कर रही है तो वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी अपनी खोई हुई सत्ता को वापस पाने पूरी ताकत लगा रही है। इस बीच चुनावी गलियारों में राज्यसभा सांसद डॉ सरोज पाण्डेय को भारतीय जनता पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री चेहरा बनाए जाने की चर्चा जोरों पर है। इसके पीछे कई तर्क भी दिए जा रहे हैं। हालांकि यह कहना अभी जल्दबाजी होगी लेकिन पार्टी सूत्रों से जिस तरह की बाते निकलकर आ रही है उससे तो इस संभावना को पंख मिल गए हैं कि सांसद सरोज पाण्डेय छत्तीसगढ में भाजपा का सीएम चेहरा हो सकती है।
दरअसल 22 जून को दुर्ग जिले में भारतीय जनता पार्टी का बड़ा आयोजन है। 22 जून को केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह दुर्ग जिले के पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। गृहमंत्री अमित शाह ने अपनी आमसभा के लिए 22 जून की तारीख चुनी और इस तारीख के साथ एक खासबात जुड़ी है। 22 जून को राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय का जन्मदिन भी है। अब इसे इत्तेफाक कहेंगे या सोची समझी रणनीति, पर राजनीतिक गलियारों में इसकी पुरजोर चर्चा है कि गृहमंत्री एक तीर पर दो निशाने लगाने के मूड़ में हैं। आमसभा के साथ ही सांसद सरोज पाण्डेय के जन्मदिन सेलिब्रेशन में भी शामिल हो सकते हैं। सांसद सरोज पाण्डेय के समर्थकों द्वारा इसकी अलग से तैयारियां की जाने की भी खबर है।

केन्द्रीय नेतृत्व के करीब हैं सांसद सरोज पाण्डेय

इसमें तो कोई दो राय नहीं है कि राज्यसभा सांसद केन्द्रीय नेतृत्व के काफी करीब हैं। पहली बार सांसद बनने से लेकर पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव रहकर उन्होंने केन्द्रीय नेतृत्व का कई मौकों पर भरोसा जीता है। दूसरी बार टिकट मिलने के बाद दुर्ग लोकसभा चुनाव नहीं जीत पाने के बाद भी उन्हें राज्यसभा के रास्ते सांसद बनाया गया। सांसद सरोज पाण्डेय को केन्द्रीय नेतृत्व का काफी करीबी माना जाता है जिसके कारण उनके सीएम फेस होने की संभावनाओं को काफी बल मिलता है। यही नहीं सांसद सरोज पाण्डेय को केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के चहेते नेताओं में से एक माना जाता है।
सीएम फेस को लेकर भाजपा में चुप्पी
वैसे तो छत्तीसगढ़ में सीएम फेस को लेकर भारतीय जनता पार्टी में चुप्पी का माहौल है। जिस प्रकार 2018 का विधानसभा चुनाव भाजपा हारी है उसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह की दावेदारी फीकी पड़ गई है। भारतीय जनता पार्टी मौजूदा समय में युवाओं से तालमेल बिठा रही है और इसके कारण सीएम का चेहरा तय करना उसके लिए फिलहाल मुश्किल दिख रहा है। पूरे प्रदेश की राजनीति पर गौर करें तो सांसद सरोज पाण्डेय भाजपा का सीएम चेहरा हो सकती हैं। महिला होने का लाभ भी सांसद सरोज पाण्डेय को मिल सकता है। इन सभी तथ्यों पर गौर करने पर उनकी दावेदारी काफी प्रबल दिख रही है।
22 जून का कनेक्शन है खास
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह 22 जून को दुर्ग जिले में सभा लेंगे और इस तारीख का खास कनेक्शन हम पहले ही बता चुके हैं। सांसद सरोज पाण्डेय के जन्मदिन के दिन ही दुर्ग जिले में इतनी बड़ी सभा होना जिसमें 20 हजार से ज्यादा लोगों की उपस्थिति की तैयारी किया जाना कई चर्चाओं को जन्म देता है। एक ओर दुर्ग में भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता केन्द्रीय गृहमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियां कर रहे हैं और दूसरी ओर सांसद सरोज पाण्डेय के जन्मदिन को भी भव्य बनाने की तैयारियां उनके समर्थक कर रहे हैं। अब देखना यह है कि 22 जून को केन्द्रीय गृहमंत्री की आमसभा के विज्ञापन व होर्डिंग ज्यादा दिखेंगे या सांसद सरोज पाण्डेय के समर्थकों के विज्ञापन।