बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने फिर एक ग्रामीण की मुखबिरी के शक में हत्या कर दी। नक्सलियों ने ग्रामीण को पहले अगवा किया और निर्दयता पूर्वक हत्या कर शव को जंगल में फेंक कर भाग गए। नक्सलियों ने एक पर्चा भी छोड़ा जिसमें हत्या की बात स्वीकर करते हुए हत्या का कारण पुलिस की मुखबिरी बताया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उसूर ब्लॉक के इलमिडी थाना क्षेत्र के आइपेंटा निवासी धुर्वा धमैया को नक्सली रविवार को अगवा कर अपने साथ ले गए थे। सोमवार को आइपेंटा के जंगल पहाड़ में ग्रामीण धमैया का शव पड़ा मिला। शव के पास नक्सली पर्चा मिला है। जिसमें ग्रामीण पर पुलिस मुखबिर का आरोप लगाकर हत्या करने की बात लिखी गई हैं। परिजनों ने हत्या की रिपोर्ट मंगलवार को इलमिडी थाना में दर्ज करवाई हैं। शव का पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि 2020 में मृतक ग्रामीण धुर्वा धमैया के बेटे रमेश धुर्वा की भी नक्सलियों ने हत्या कर दी थी।




