भिलाई। रविवार को तालपुरी कॉलोनी में सर्चिंग के दौरान पुलिस के हाथ भिलाई की महाठग ज्योति सोनी लग गई। ज्योति सोनी के खिलाफ सुपेला थाने में पीएम आवास दिलाने के नाम पर कई लोगों से ठगी का मामला दर्ज है। सुपेला पुलिस को काफी दिनों से इसकी तलाश थी। महाठग ज्योति अलग अलग ठिकाने बदलने के बाद आखिरकार तालपुरी कॉलोनी में रह रही थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर धारा 420 के तहत कार्रवाई की है।

बता दें निवासी चिंगरी पारा सुपेला निवासी राकेश चौसरे की वर्ष 2020 में अपने परिचिति रमेश के माध्यम से ज्योति सोनी से मुलाकात हुई थी। इस दौरान ज्योति सोनी ने प्रार्थी को बताया था कि वह सरकारी अधिकारी है और प्रधान मंत्री आवास दिलाने का काम करती है। प्रार्थी को भी उसने ढाई लाख रुपए में मकान दिलाने की बात कहीं। राकेश चौसरे, ज्योति सोनी के बातो से प्रभावित होकर व उनके झांसे में आकर ढाई लाख रुपए में प्रधान मंत्री आवास दिलाने के नाम दिया।
ज्योति सोनी द्वारा बताया था कि जल्द ही मकान मिल जायेगा एवं आपके अलावा और किसी भी व्यक्ति को मकान की आवश्यकता हो तो बताना उनको भी दिलवा देंगे। तब प्रार्थी उनकी बातो पर विश्वास कर अपने जान पहचान के लगभग 8-10 लोग से रुपए लेकर उसे दे दिया। रुपए लेकर वह फरार हो गई। प्रार्थी के रिपोर्ट पर थाना सुपेला में धोखाधडी का रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
लंबे समय से फरारी काट रही ज्योति सोनी की पुलिस ने काफी तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। लेकिन रविवार को पुलिस ने तालपुरी में जब संदिग्धों की जांच शुरू की तो पारिजात कॉलोनी के बी ब्लॉक में ज्योति सोनी भी पुलिस की गिरफ्त में आ गई। उसे हिरासत में लेकर सुपेला थाने लाया गया और यहां पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। सुपेला पुलिस ने आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड में भेज दिया है।




