दुर्ग। शहर के चोरों के हौसले इतने बुलंद है कि अब पुलिस वाले भी इनके निशाने पर हैं। दुर्ग के सूर्य नगर सिकोला भाठा में 7 व 8 जून की दरमियानी रात को छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग की एएसआई के घर पर लाखों रूपए की चोरी हो गई। घटना के समय घर पर कोई नहीं था। इस मामले में महिला अफसर की शिकायत पर मोहन नगर थाने में अज्ञात के खिलाफ धारा 454, 380 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थीया प्रिती जायसवाल सूर्य नगर सिकोला भाठा दुर्ग में रहती है। वे पूर्व में CID में पदस्थ थी, वर्तमान में रायपुर में पदस्थ हैं। शिकायत में उन्होंने बताया कि 7 जून 2023 की सुबह 8 बजे मैं डयूटी के लिए रायपुर गई थी। ड्यूटी से रात 8 बजे वापस लौटी तो देखा कि घर के सामने का गेट खुला हुआ था और मुख्य कमरे का दरवाजा का ताला टूटा हुआ था। कमरे के अन्दर जाकर उन्होंने देखा तो तब आलमारी का सामान बिखरा हुआ था।
जांच करने पर अलमारी में रखे 1. एक सोने की लेडीस अंगुठी , सोने की 5 नग एयर रिंग, सोने की फुल्ली 5 नग , सोने की चैन 1 नग, चांदी की पायजेब 3 नग, चांदी की पायल 1 नग, 1 नग चांदी का करधन, चांदी की गणेश जी की मूर्ति 1 नग, 2 नग टाईटन कंपनी का हाथ घडी गोल्डन कलर का एवं नगदी रकम 75,000 रुपए चोरी हो गए। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीसी टीवी फुटेज में दिखा चोर
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास सीसी टीवी फुटेज भी निकाले। सीसी टीवी फुटेज में एक चोर व कुछ संदिग्ध नजर आए हैं। चोर बड़े आराम से घर में चोरी के लिए प्रवेश कर रहा है। पुलिस सीसी टीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। इधर घटना के बाद आसपास रहने वाले लोग भी परेशान है। लोगों का कहना है कि आए दिन यहां चोरियां हो रही है। पुलिस की गश्त न होने से चोरों के हौशले बुलंद हैं।




