गरियाबंद Gariaband. छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में प्रोजेरिया नाम की बीमारी से ग्रसित शैलेंद्र ध्रुव का निधन हो गया। शैलेंद्र ध्रुव जिस बीमारी से पीड़ित थे उस पर अमिताब बच्चन ने फिल्म बनाई थी। पा नाम से आई इस फिल्म के बाद गरियाबंद निवासी शैलेन्द ध्रुव भी चर्चा में आए थे। छत्तीसगढ़ सरकार ने शैलेन्द्र ध्रुव को एक दिन का कलेक्टर बनाकर उनकी इच्छा पूरी की थी। शैलेन्द्र ध्रुव की सोमवार देर रात तबीयत बिगड़ी और निधन हो गया।

गरियाबंद जिले के ग्राम मेडकी डबरी निवासी शैलेंद्र लाइलाज बीमारी प्रोजेरिया से पीड़ित थे। इस बीमारी के कारण व्यक्ति का शारीरिक विकास रुक जाता है और छोटी उम्र में ही बुढ़े की तरह दिखने लगते हैं। सदी के महानाय अमिताब बच्चन ने प्रोजेरिया से पीड़ित बच्चे की कहानी पर्दे पर उतारी थी और इस फिल्म के लिए अमिताब बच्चन के काम को काफी सराहा गया था। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शैलेन्द्र ध्रुव को एक दिन का कलेक्टर बनाया और उसका सपना पूरा किया था।
ट्वीट कर सीएम ने जताया शोक
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर शैलेंद्र धुव्र के निधन पर दुख जताया है। सीएम बघेल ने अपने संदेश में कहा, सुबह दुखद सूचना मिली। शैलेंद्र ध्रुव अब हमारे बीच नहीं रहे. गरियाबंद के छुरा के ग्राम मेडकी डबरी के रहने वाले शैलेंद्र प्रोजेरिया बीमारी से ग्रसित थे। हमने उसकी एक दिन का कलेक्टर बनने की इच्छा तो पूरी कर दी थी लेकिन ईश्वर की कुछ और इच्छा थी। भगवान उसका ख्याल रखें। घर वालों को हिम्मत मिले।




