रायपुर। राजधानी रायपुर की एक युवती से जीवन साथी डॉट कॉम के जरिए परिचय होने के बाद नागपुर के युवक ने 8 लाख रुपए की ठगी कर ली। युवक ने युवती से शादी का वादा किया और खुद को NHAI नागपुर डिवीजन का कर्मचारी बताया। इसके बाद अलग अलग बहानों से युवती से 8 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद शादी करने से इनकार कर दिया। इस मामले में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने नागपुर से ठग को गिरफ्तार कर लिया है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित युवती ने तेलीबांधा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि नागपुर के भीलगांव का रहने वाला परम सवालाखे से उसकी पहचान जीवनसाथी डॉट कॉम के माध्यम से हुई थी। अच्छे रिश्ते की तलाश में युवती चने प्रोफाइल चेक किया और फिर परिचय हुआ। परम ने खुद को NHAI नागपुर डिवीजन का कर्मचारी बताया। दोनों के बीच शादी को लेकर बातचीत शुरू हो गई। इस दौरान परम सवालखे रायपुर युवती से मिलने पहुंचा।
22 मई को वह रायपुर पहुंचा और बातों ही बातों में युवती से पांच हजार रुपए ले लिए। इसके बाद 20 हजार रुपए ले लिए। परम ने युवती को पूरी तरह से झांसे में लेकर अपने पिता के इलाज व उनकी मौत का बहाना करते हुए रुपए वसूले। परम ने युवती से मिलने के बाद अलग अलग बहाने से 8 लाख वसूले। युवती ने जब पैसे वापस मांगे तो टाल मटोल करने लगा और फोन भी बंद कर दिया। इसके बाद युवती ने तेलीबांधा थाने में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पहले से शादीशुदा था शातिर
शिकायत के बाद तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए एक टीम बनाई और नागपुर रवाना किया। नागपुर पहुंची टीम ने घेराबंदी कर आरोपी परम सवालाखे को गिरफ्तार किया। पुलिस जब नागपुर पहुंची तो पता चला कि आरोपी युवक पहले से शादीशुदा है और जीवन साथी डॉट कॉम में अपना फ्रोफाइल डाल रखा है ताकि वह इसी तरह से झांसे में लेकर ठगी कर सके। फिलहाल तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।




