बिलासपुर। शातिर ठग ने बिलासपुर में एक सरकारी जमीन के टुकड़े को अपना बताकर उसका सौदा कर दिया। शातिर ने अपने साथियों के साथ मिलकर सरकारी जमीन की रजिस्ट्री भी करा दी और 28 लाख रुपए ले लिए। मामला करीब 8 माह पुराना है। जब पीड़ित को पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है तो उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। कोनी थाना पुलिस ने मामले में धारा 420, 34 के तहत अपराध दर्ज किया और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश है।
जमीन फर्जीवाड़े की शिकायत सिटी कोतवाली क्षेत्र के गोलबाजार में रहने वाले प्रार्थी मोहम्मद आरिफ पिता गुलाम पारुख ने 16 सितंबर 2022 कोनी थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि प्रवीण पाल नाम के व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर रमतला गांव में सरकारी जमीन को निजी जमीन बताकर 28 लाख रुपए में बेच दिया। प्रवीण पाल ने उक्त जमीन की रजिस्ट्री भी कराई। बाद में पता चला कि यह जमीन फर्जी है। शिकायत के बाद से ही पुलिस प्रवीण पाल की तलाश कर रही थी।
इस बीच कोनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी प्रवीण पाल अपने विवेकानंद नगर मोपका स्थित मकान में है। सूचना के बाद पुलिस ने सोमवार को दबिश देकर आरोपी प्रवीण पाल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने सरकारी जमीन का फर्जीवाड़ा करने की बात बताई। धोखाधड़ी की रकम से उसने अपनी मां के नाम से विवेकानंद नगर में मकान ले लिया था। पुलिस ने प्रवीण पाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है वहीं उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।




