भिलाई Bhilai. छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज भिलाई इकाई व्यापारियों के हित के लिए नित नए आयोजन करती रहती है। इसी कड़ी में भिलाई चेंबर ने एक नया अभियान शुरू किया है। चेम्बर आपके द्वार अभियान का रविवार से आगाज किया गया। इसकी शुरुआत जवाहर मार्केट पावर हाउस भिलाई से किया गया है। सीजी चेंबर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन व भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गार्गी शंकर मिश्र के नेतृत्व में अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान में चेम्बर के पदाधिकारियों की टीम सभी व्यापारियों से मिलकर उन्हें चेम्बर के 2 वर्षों की उपलब्धि की जानकारी देते हुए एक बुकलेट का वितरण कर रहे हैं।
अभियान को लेकर प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने बताया कि इसअभियान के तहत भिलाई चेंबर के पदाधिकारी सभी जोन में जाएंगे औऱ सभी सदस्यों से मिलकर उन्हें 2 वर्षो की उपलब्धि बताएंगे। त्रुटि सुधार फार्म देकर व्यपारियों के मोबाइल नम्बर, नाम व एड्रेस अपडेट करेंगे। जवाहर मार्केट में अभियान की शुरुआत में बाजार के व्यापारियों ने चेम्बर के पदाधिकारियों का पुष्पवर्षा से स्वागत किया। कुछ दुकानदारो ने लडडू खिलाकर चेम्बर पदाधिकारियो का अभिनंदन किया। यह अभियान पूरे माह चलेगा।
भिलाई चेंबर के जनसंपर्क अधिकारी शंकर सचदेव ने बताया कि इस अभियान में व्यापारियों ने चेम्बर के कार्यो की सराहना की। जवाहर मार्केट के प्रभारी शिवराज शर्मा ने महामंत्री अजय भसीन को बाजार की बदहाल सड़क से अवगत कराकर सड़क नवनिर्माण का मांग पत्र देते हुए बाजार को सुव्यवस्थित बनाने में सहयोग की मांग की। अजय भसीन ने माँगपत्र लेते हुए आश्वासन दिया कि सोमवार को निगम आयुक्त से मिलकर इस समस्या को सुव्यवस्थित कर लेंगे।
चेम्बर जहां व्यपारियो के सर्टिफिकेट अपडेट कर रही है वही व्यापारियों की समस्याओं को भी सुनकर उनके निराकरण की पहल कर रही है। चेम्बर की इस पहल को व्यापारियों ने सराहा। इस अभियान में विशेष रूप से महिला चेम्बर का विशेष योगदान मिल रहा है। महिला चेंबर अध्यक्ष सरोजनी पाणिग्रही, सुमन कन्नौजे, सविता शर्मा, हरप्रीत कौर, पुष्पलता कर, शिवराज शर्मा, सुनील मिश्रा, प्रेम ठकवानी, अजय आदि का इस अभियान में विशेष सहयोग मिल रहा है।




