भिलाई Bhilai. नगर निगम भिलाई ने शहर में संचालित भैंस खटाल के संचालक से 60 हजार का जुर्माना वसूल किया है। भैंस खटाल चलाने वाले शख्स ने सार्वजनिक स्थल पर गंदगी कर रखी थी। नगर निगम भिलाई की टीम ने निरीक्षण के दौरान गंदगी पाई और संचालक पर जुर्माना लगाया। यहीं नहीं खटाल संचालक को तीन दिन के अंदर उक्त स्थल की सफाई कराने का भी अल्टीमेटम दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार जोन क्रमांक 2 वैशाली नगर क्षेत्र अंतर्गत बाबा दीप सिंह नगर तालाब के समीप राजन नामक भैंस खटाल संचालक के द्वारा तालाब में गोबर डंप किया जा रहा था। इसके कारण आसपास में गंदगी फैल रही थी। संचालक को बार-बार समझाई दी जा चुकी थी उसके बाद भी वह गंदगी फैला रहा था। सोमवार को निगम की टीम ने निरीक्षण के दौरान भैंस खटाल संचालक राजन को 60 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही निगम की टीम ने खटाल संचालक को तालाब में फैलाई गई गंदगी को 3 दिन के भीतर हटाने कहा है। निगम की कार्रवाई के दौरान जोन स्वास्थ्य अधिकारी अनिल मिश्रा मौके पर मौजूद रहे।
बता दें कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 के तहत भिलाई निगम क्षेत्र अंतर्गत सभी स्थानों पर निगम के द्वारा साफ सफाई का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके बाद भी लोग गंदगी पसार रहे हैं और निगम के समझाइश तथा अपील का पालन नहीं कर रहे हैं उन पर जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम भिलाई ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं, सूखा एवं गीला कचरा पृथक-पृथक ही प्रदान करें, प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में निगम प्रशासन की सहायता करें।
