दुर्ग। कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने पटवारी हल्का नंबर 50 तहसील दुर्ग इन्द्रा मनोचा शासकीय सेवा पटवारी पद से बर्खास्त किया है। रिश्वत लेते पकड़ी गई उक्त महिला पटवारी पर विभागीय जांच चल रही थी। विभागीय जांच मे दोषी पाए जाने पर महिला पटवारी को पटवारी सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
बता दें दुर्ग तहसील में पदस्थ पटवारी इंद्रा मनोचा रिश्वत लेने की शिकायत के चलते कई बार सस्पेंड हो चुकी है। कुछ माह पहले उनकी मांग से तंग आकर शिकायतकर्ता ने इंद्रा मनोचा की बाकायदा रिश्वत मांगते वीडियो क्लिप ही बना ली। इसके बाद उसने आडियो-वीडियो क्लिप के साथ पटवारी इंद्रा मनोचा के खिलाफ कलेक्टर से शिकायत कर दी। कलेक्टर पुष्पेद्र मीणा ने तत्काल पटवारी को सस्पेंड कर दुर्ग तहसील कार्यालय में अटैच किया। इसके बाद मामले की जांच एसडीएम मुकेश रावटे को सौंपी गई।

विभागीय जांच में दोषी पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से कलेक्टर ने संविधान के अनुच्छेद 311 (2) के अनुसार इन्द्रा मनोचा को सुनवाई तथा लिखित अभिकथन अवसर प्रदान किया था। इन्द्रा मनोचा द्वारा लिखित अभिकथन पर कलेक्टर द्वारा विधिवत् विचार किया गया। विचार करने के बाद आरोप की गंभीरता को देखते हुए इन्द्रा मनोचा को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 10 (नौ) के तहत शासकीय सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।




