गरियाबंद Gariyaband. छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में डेढ़ साल का मासूम कुएं में गिर गया और उसके बाद उसे बचाने के लिए उसकी बुआ कुएं कूद पड़ी। बच्चे को बाहर निकालने के बाद उसकी सांस नहीं चल रही थी तो बुआ ने मुंह से सांस देकर बच्चे की सांस लौटाई। हालांकि इसके बाद भी बच्चे की हालत ठीक नहीं है उसे जिला अस्पताल में इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। इधर कुएं में कूदने के कारण साहसी बुआ का पैर टूट गया है उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना सोमवार शाम की बताई जा रही है। गरियाबंद जिले के केरगांव में रहने वाले ध्रुव परिवार में यह हादसा हुआ। डेढ़ साल का मासूम हर्ष ध्रुव खेलते-खेलते कुएं में गिर गया है और छटपटा रहा है। मौके पर दादी ने देखा और चीख पुकार मच गई। मां पहुंची तो उसे कुछ समझ नहीं आया। इसके बाद बच्चे की बुआ गायत्री ध्रुव दौड़ते हुए पहुंची और कुएं में छलांग लगा दी। उसने बच्चे को कुएं से निकाला और रस्सी के सहारे ऊपर पहुंची।

इस दौरान बच्चे की सांस नहीं चल रही थी। गायत्री ने पहले बच्चे को उल्टा कर पेट का पानी निकाला और उसके बाद मुंह से सांस दिया। कुछ देर बाद उसकी सांस लौटी। लेकिन अब भी बच्चे की हालत ठीक नहीं थी। उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया और वहां से रायपुर रेफर किया गया। इधर बच्चे को बचाने के लिए कुएं में कूदने वाली बुआ का पैर फ्रेक्चर हो गया है। उसे भी गरियाबंद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद हर कोई साहसी बुआ की तारीफ कर रहा है।
