जांजगीर-चाम्पा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चाम्पा जिले में सजायाफ्ता बंदी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। जांजगीर जिला जेल में बंदी ने यह खौफनाक कदम उठाया। बंदी को नाबालिग से रेप के मामले में 4 दिन पहले ही कोर्ट ने दोषी करार दिया और 20 साल की सजा सुना दी। सजा मिलने के बाद से ही बंदी परेशान था और बीती रात उसने गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर दी। रविवार सुबह जेल में बंदी का शव मिला। बंदी की आत्महत्या से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार फांसी लगाने वाले बंदी का नाम बनवारी कुमार कश्यप था। पामगढ़ थाना क्षेत्र के खैरा गांव के युवक बनवारी कश्यप पर नवागढ़ थाने में नाबालिग लड़की की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। 8 अप्रैल 2022 को लड़की को बरामद किया गया। इसके बाद नाबालिग ने बनवारी कश्यप पर रेप का आरोप लगाया। इस मामले में नवागढ़ पुलिस ने 15 मई 2022 को बनवारी कश्यप को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया था। करीब एक साल से मामला कोर्ट में था और सुनवाई के बाद न्यायालय ने उसे हाल ही में बीस साल की सजा दी थी

सुबह फंदे से लटकती मिली लाश
सजा मिलने के बाद रविवार की सुबह बनवारी की फंदे पर लटकती लाश मिली। सुबह बंदियों ने देखा तो जेल प्रशासन को सूचना दी। बंदी के फांसी लगाने की घटना से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना के बाद जांजगीर एसडीएम और तहसीलदार जेल पहुंचे थे और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। मृत युवक के पास से लड़की का फोटो व सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने लिखा है कि जितना गुनहगार मैं हूं, उतनी तुम भी हो, प्यार एकतरफा नहीं होता। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। वहीं पुलिस ने अभी सुसाइड नोट के संबंध में कुछ जानकारी नहीं दी है। इधर परिजन इस घटना से सदमें में हैं और निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा देने की मांग कर रहे हैं।
