नईदिल्ली Newdelhi. रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) एशिया के सबसे धनी व्यक्ति बन गए हैं। फोर्ब्स (Forbe’s) ने 2023 के अरबपतियों की लिस्ट जारी करते हुए यह जानकारी दी है। फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक हिंडनबर्ग की रिसर्च रिपोर्ट का असर अब भी गौतम अडानी पर बना हुआ है। एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बनने वाले मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) दुनिया के टॉप-10 अमीरों की लिस्ट में नौंवे नंबर पर हैं। बीते साल दुनिया के टॉप-3 अरबपतियों में शामिल रहे गौतम अडानी इस साल 24वें नंबर पर हैं। वे एशिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स हैं।

65 वर्षीय भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी की कुल नेटवर्थ 83.4 अरब डॉलर है. फोर्ब्स के मुताबिक, बीते साल 2022 में ही अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) 100 अरब डॉलर से अधिक की आय हासिल करने वाली पहली भारतीय कंपनी बन गई थी। नई लिस्ट के मुताबिक मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) माइक्रोसॉफ्ट के स्टीव बाल्मर, गूगल के लैरी पेज और सर्गेई ब्रिन, फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग और डेल टेक्नोलॉजीज के माइकल डेल से ऊपर बने हुए हैं। अंबानी पिछले साल लिस्ट में 90.7 अरब डॉलर की अनुमानित संपत्ति के साथ 10वें स्थान पर थे।
अडानी पर अभी भी हिंडनबर्ग का असर
फोर्ब्स (Forbe’s) लिस्ट के मुताबिक, बीते साल दुनिया के टॉप-3 अरबपतियों में शामिल रहे गौतम अडानी इस साल लगातार नीचे खिसकते जा रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल अडानी की कुल संपत्ति (Gautam Adani Net Worth) अब 47.2 अरब डॉलर है और Billionaires List में 24 वें नंबर पर हैं। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने के महीनेभर बाद ही उनकी संपत्ति 60% घट गई और अडानी ग्रुप का मार्केट कैपिटलाइजेशन भी 100 अरब डॉलर के नीचे पहुंच गया। इस गिरावट के चलते अमीरों की लिस्ट में पहले अडानी टॉप-10 से बाहर हुए। हालांकि वे मुकेश अंबानी के बाद भारत के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। अंबानी की दौलत अडानी से 36.2 अरब डॉलर ज्यादा है.
इन भारतीय अरबपतियों का डंका
फोर्ब्स (Forbe’s) की नई लिस्ट में आईटी दिग्गज HCL के शिव नाडर (Shiv Nadar) 25.6 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ भारत के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं। वहीं चौथे पायदान पर वैक्सीन किंग के रूप में पहचाने जाने वाले साइरस पूनावाला (cyrus poonawalla), पांचवें पर स्टील कारोबारी लक्ष्मी मित्तल (Lakshmi Mittal), छठे नंबर पर ओपी जिंदल समूह की सावित्री जिंदल (Savitri Jindal), सातवें नंबर पर सन फार्मा के दिलीप सांघवी (Dilip Shanghvi) और आठवें पायदान पर D-Mart के राधाकृष्ण दमानी (Radhakrishna Damani) हैं। लिस्ट में नौंवे स्थान पर कुमार मंगलम बिड़ला और दसवें पर उदय कोटक को रखा गया है।




