भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी का अलग तरह का मामला सामने आया है। मरोदा निवासी शख्स ने जेसीबी किराए पर लिया और 8 माह तक चलाया। जब किराया देने की बात सामने आई तो शख्स ने फर्जी चेक थमा दिया जो बाउंस हो गया। इसके बाद भी उसने आधा किराया दिया और आधा दबा दिया। लगातार चक्कर काटने के बाद पीड़ित शख्स ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में पुरानी भिलाई पुलिस ने धारा 420 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

पुरानी भिलाई पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वर्मा मिनरल्स के संचालक शिक्षित नगर चरोदा निवासी मुकेश वर्मा ने अपनी शिकायत में बताया कि उसने जेसीबी 205, माउन्टेन वाहन को गोकुल प्रसाद वर्मा को किराये पर चलाने के लिए 3 अप्रैल 2019 से जनवरी 2020 तक दिया था। इसके किराए के रूप में गोकुल वर्मा ने 17 जनवरी 2020 को 13 लाख 70 हजार रुपए का चेक दिया था। खाते में रकम नही होने के कारण यह चेक बाउंस हो गया। इसके बाद मुकेश वर्मा ने गोकुल वर्मा को बताया तो वह रुपए देने के नाम पर काफी चक्कर कटवाया।
इसके बाद गोकुल वर्मा ने 9 जुलाई 2020 को एग्रीमेंट कर 6 माह के भीतर रकम लौटाने का इकरारनामा किया है। इसके बाद गोकुल प्रसाद वर्मा ने नगद व चेक के माध्यम से कुल 6 लाख 82 हजार रुपए लौटाए। वहीं शेष रकम 6 लाख 88 हजार रुपए देने में टाल मटोल करने लगा। लगातार रुपए मांगने पर गोकुल वर्मा ने देने से मना कर दिया और धमकाने भी लगा है। अब इस मामले में पुरानी भिलाई पुलिस ने गोकुल वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।




