कांकेर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नक्सली संगठन पानीडोबिर एलओएस के अध्यक्ष गणेश कड़ियाम को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस के लिए यह सफलता काफी मायने रखती है क्योंकि एक दिन पहले ही यहां पर आईईडी ब्लास्ट हुआ था जिसमें दो जवान घायल हो गए थे।

बता दें मंगलवार को हुए आईडी ब्लास्ट के बाद पुलिस व सुरक्षा बलों से यहां पर सर्चिंग तेज कर दी थी। बुधवार सुबह डीआरजी की एक टुकड़ी गश्त पर मरकानार, केसोकोडी की तरफ निकली थी। इस दौरान केसोकोडी के जंगल में गणेश कड़ियाम पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया और घेराबंदी कर उसे पकड़ा। पूछताछ में उसने खुद को नक्सलियों के पानीडोबिर एलओएस का अध्यक्ष बताया। पुलिस रिकॉर्ड में उस पर कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। गणेश कडियाम कई नक्सली वारदातों में शामिल हो चुका है। हालांकि मंगलवार को हुए आईईडी ब्लास्ट में वह शामिल नहीं था। लेकिन वह जवानों पर हमले, हत्या, लूट जैसी कई नक्सली वारदातों में शामिल रह चुका है। बताया जा रहा है कि गणेश कोडियाम 2008 से नक्सली संगठन से जुड़ा है।




