जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में जादू टोना के शक में वृद्धा की हत्या का मामला सामने आया है। घटना 26 मार्च की बताई जा रही है। कासांबेल थाना अंतर्गत गांव सूजी बहार की यह घटना है। 65 साल की वृद्धा की उसी गांव के बेलजियम टोप्पो ने टांगी से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। घटना की शिकायत मृतका के पोते ने पुलिस थाने पहुंचकर दर्ज कराई। इस मामले में पुलिस ने मंगलवार को आरोपी बेलजियम टोप्पो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार गांव सूजीबहार निवासी सुभाष मिंज ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 26 मार्च की शाम के समय वह अपने माता-पिता के कमरे में था। शाम को लगभग 6:45 बजे उनकी दादी हन्ना मिंज (65) जोर-जोर से चीख रही थी। उनकी आवाज सुनकर उनके कमरे में पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़ी थी और गांव का ही बेलजियम टोप्पो टांगी से वार कर रहा था। घर के लोगों को देखकर वह भाग गया।
इस मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। सोमवार को दिनभर आरोपी बेल्जियम टोप्पों की तलाश की जाती रही। पुलिस को सफलता मिली और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके परिवार के लोग अक्सर बीमार रहते थे और इसका कारण वह वृद्धा को मानता था। आरोपी बेलजियम टोप्पो के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की टंगिया को जब्त कर उसे जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कांसाबेल मल्लिका बनर्जी, प्रधान आरक्षक मनोज भगत, जोस्टीन तिर्की, विनोद यादव, जनक साय, सुषील तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




