रायपुर। खैरागढ़ से कांग्रेस की विधायक यशोदा वर्मा के बेटे प्रवीण वर्मा की राजधानी रायपुर के निजी अस्पताल में मौत हो गई है। प्रवीण एक माह पहले सड़क हादसे का शिकार हो गए थे। गंभीर रूप से घायल प्रवीण वर्मा को रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उनकी मौत हो गई है। विधायक यशोदा वर्मा के पुत्र के निधन पर सीएम भूपेश बघेल ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीटर पर खबर को शेयर कर कांग्रेस विधायक यशोदा वर्मा सांत्वना प्रकट कर बेटे प्रवीण वर्मा को निधन पर शोक जताया है।
बता दें खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा का पुत्र प्रवीण वर्मा अपने दोस्त व ड्राइवर के साथ जगदलपुर जा रहा था। इस दौरान धमतरी – कांकेर रोड पर उनकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर 10 फीट नीचे खाई में जा गिरी थी। इस दौरान कार भी विधायक का पुत्र प्रवीण वर्मा ही चला रहा था। हादसा इतना भयानक था जिसमें प्रवीण वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद एंबुलेंस से प्रवीण वर्मा सहित तीनों घायलों को रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां करीब एक माह से प्रवीण वर्मा का इलाज चल रहा था। सोमवार दोपहर लगभग 1 बजे प्रवीण वर्मा की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधायक यशोदा वर्मा के बेटे की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि खैरागढ़ विधायक श्रीमती यशोदा वर्मा एवं कांग्रेस नेता श्री नीलांबर वर्मा के पुत्र प्रवीण वर्मा के निधन का समाचार दुखद है। एक सड़क दुर्घटना के बाद वह लंबे समय से अस्पताल में जंग लड़ रहे थे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिवारजनों को यह आघात सहने की शक्ति दे।




