सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में बाघ के हमले से दो ग्रामीणों की मौत हो गई है। वहीं एक ग्रामीण घायल हो गया है। बाघ के हमले से ग्रामीणों में दहशत है। बताया जा रहा है कि बाघ के हमले के बाद ग्रामीणों ने अपनी रक्षा के लिए बाघ को कुल्हाड़ी मारकर भगाया गया है। मामला जिले के ओडगी क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार कालामांजन निवासी समय लाल (32), कैलाश सिंह (35) और राय सिंह (30) सोमवार सुबह लकड़ी बीनने के लिए जंगल गए हुए थे। इस बीच यहां पर एक बाघ पहुंच गया और तीनों पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि इस दौरान बाघ ने समय लाल को अपने पंजे में दबा दिया था जिससे उसकी मौत हो गई। बाघ से बचने के लिए कैलाश सिंह व रायसिंह ने कुल्हाडी से वार किया था इसके बाद भी बाघ ने हमला करना नहीं छोड़ा।
इस दौरान बाघ ने कैलाश सिंह के शरीर का मांस नोच लिया था। बाघ से संघर्ष करते हुए राय सिंह किसी तरह गांव पहुंचा और पूरी बात बताई। इसके बाद ग्रामीण पूरी तैयारी के साथ जंगल पहुंचे। तब तक बाघ जंगल की ओर भाग चुका था। इसके बाद ग्रामीणों ने कैलाश और राय सिंह को अस्पताल में ले जाया गया। दोनों की गंभीर स्थिति देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां इलाज के दौरान कैलाश सिंह की भी मौत हो गई। इधर घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से मना किया है।




