भिलाई। दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना क्षेत्र में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां के गांव जमराव में 9वीं कक्षा के छात्र की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि छात्र तालाब में नहाने के दौरान तैरकर दूसरे छोर में पर पहुंच गया और वापसी में वह बीच तालाब में पहुंचकर थक गया और डूब गया। मौके पर स्थानीय मछुवारों से उसे तलाशा लेकिन कुछ पता नहीं चला। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया जिसने देर शाम छात्र का शव बाहर निकाला।

मृतक छात्र अजय सोनवानी पिता लीलाधर सोनवानी (15) ग्राम जमराव रहने वाला था। लोगों ने बताया कि शनिवार को वह जमराव के तालाब में नहाने के लिए पहुंचा। छात्र अच्छा तैराक भी है और नहाने के दौरान उसने तालाब पार किया। बारिश के कारण ठंड कुछ ज्यादा थी। वापसी में अजय सोनवानी तालाब पार नहीं कर पाया और आधे तालाब में डूबने लगा। देखते ही देखते वह तालब में डूब गया। मौके पर मौजूद मछुआरों ने तालाब में छलांग लगाई लेकिन वे उसे ढूंढ नहीं पाए।
इसके बाद मौके से दुर्ग एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। एसडीआरएफ को दोपहर 2 बजे इसकी सूचना मिली और टीम के सदस्य 3 बजे तक मौके पर पहुंचे। तालाब के पास पहुंचने के बाद एसडीआरएफ ने सर्चिंग शुरू की। लगभग तीन घंटे बाद शाम 6 बजे एसडीआरएफ की टीम ने छात्र को बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद अमलेश्वर पुलिस ने आगे की कार्रवाई कर शव को पीएम के लिए भेज दिया।




