स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में लगातार दूसरी बार जगह बना ली है। न्यूजीलैंड व श्रीलंका के बीच क्राइस्टचर्च में खेले गए टेस्ट मैच के नतीजे ने भारत को WTC के फाइनल में पहुंचा दिया है। यहां पर न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को दो विकेट से हरा दिया है जिसके कारण टीम इंडिया अब WTC का फाइनल मैच खेलेगी। भारत का मुकाबला अब वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के लिए ऑस्ट्रेलिया से होगा। जो पहले ही फाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुका है। वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल मैच 7 से 11 जून तक लंदन के द ओवल मैदान में खेला जाएगा। इस मैच के लिए 12 जून को रिजर्व भी रखा गया है। टीम इंडिया लगातार दूसरी बार वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले उसे फाइनल में न्यूजीलैंड ने हराया था।
न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को 2 विकेट से हराया
इंदौर टेस्ट में भारत को मिली हार ने वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल के समीकरण को दिलचस्प बना दिया था और टीम इंडिया को फाइनल के टिकट के लिए कुछ इंतज़ार करना पड़ा। इंदौर टेस्ट में जीत हासिल कर ऑस्ट्रेलिया की जगह पक्की हुई। लेकिन भारत की निर्भरता श्रीलंका-न्यूजीलैंड के टेस्ट मैच पर टिक गई। श्रीलंका अभी न्यूजीलैंड में दो टेस्ट की सीरीज खेल रहा है, उसे फाइनल में पहुंचने के लिए इस सीरीज को 2-0 से जीतना था, जो नहीं हो सका है।
क्राइस्टचर्च में हुए इस टेस्ट की पहली पारी में श्रीलंका ने 355 का बड़ा स्कोर बनाया, जवाब में न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 373 रन बना दिए। यहां डिरेल मिचेल ने शानदार शतक जड़ा। लेकिन जवाब में श्रीलंका ने दूसरी पारी में पलटवार किया और 302 रन बना दिए, जिसमें एंजेलो मैथ्यूज़ का शतक शामिल रहा। ऐसे में श्रीलंका ने न्यूजीलैंड को जीत के लिए 285 रनों का टारगेट दिया। आखिरी दिन यह लक्ष्य हासिल करना मुश्किल होता लेकिन न्यूजीलैंड इस मैच को आखिरी ओवर तक ले गया और अंत में जीत हासिल कर ली।



