भिलाई। होली के दौरान हुड़दंगियों को रोकना पुलिस के लिए मुश्किल होता जा रहा है। पुलिस गली मोहल्ले में फ्लैग मार्च कर रही है और बदमाशों को सचेत कर रही है इसके बाद भी इन पर कोई असर नहीं हो रहा है। सोमवार देर रात पावर हाउस में बदमाशों ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। युवक शरीर पर कई जगह चोट कर फरार हो गए। घायल युवक रात को ही छावनी थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 323, 34, 341 और 506 बी के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रकाश बेकरी के पास शारदा पारा केम्प 2 निवासी शहबाज हुसैन सोमवार की रात लगभग 11 बजे अपने दोस्त इरशाद और प्रेम तुमने के साथ पावर हाउस बस स्टैंड गया था। पावर हाउस में महिन्द्रा बार के पास अनश, यश और उसके एक अन्य साथी ने गाली गलौज करते हुए शहबाज से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान अनश और यश ने शहबाज पर चाकू से वार कर दिया। इससे उसके दाहिने हाथ की कोहनी के बाजू, पसली, बाएं हाथ की कोहनी और गाल में बाएं आंख के पास चोट पहुंची।
इस दौरान शहबाज के दोस्त इरशाद और प्रेम ने बीच बचाव किया तो वे वहां से भाग गए। इसके बाद घायल शहबाज अपने दोस्तों के साथ छावनी थाने पहुंचा। छावनी पुलिस ने घायल शहबाज का डॉक्टरी मुलाहिजा कराया और उसके बाद अनश, यश और उसके साथी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।




