गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। भतीजी की शादी में जा रहे शख्स की बाइक पेड़ से टकराई। हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है मृतक जीजा-साले थे। घटना रविवार सुबह की है। पेंड्रा थाना क्षेत्र में हुए हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद बताया कि बाइक सवार दोनों शराब के नशे में थे और इस वजह से तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित हुई और दोनों की जान गई।

मिली जानकारी के अनुसार सत्यनारायण यादव (30) अपने साले बंधन यादव (22) के साथ बाइक पर सवार होकर पुटा गांव अपनी भीतीजी की शादी में जा रहा था। इस दौरान दोनों ने शराब पी रखी थी। बाइक को जीजा सत्यनारायण चला रहा था और वह काफी नशे में था। नशे में होने के कारण वह बाइक को नियंत्रित नहीं कर पाया और पुटा गांव पहुंचने से पहले ही बाइक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
हादसा इतना जोरदार था कि दोनों सड़क पर गिर गए और इनके सिर में गहरी चोट आई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। रविवार सुबह राहगीरों ने सड़क पर दोनों को पड़े देखा तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




