नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में आईईडी ब्लास्ट में एक जवान शहीद हो गया है। बस्तर संभाग में लगातार दूसरे दिन नक्सलियों ने जवानों को टारगेट किया है। नक्सलियों ने नारायणपुर के ओरछा में जवानों को निशाना बनाने के लिए आइईडी लगाया था। सर्चिंग पर निकले जवानों को टारगेट कर यह आईईडी प्लांट किया गया था। 16वीं बटालियन का प्रधान आरक्षक संजय लकड़ा इसकी चपेट में आ गया और शहीद हो गया।

बता दें एक दिन पहले शनिवार को सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र में नक्सलियों से मुठभेड़ में तीन जवान शहीद हो गए। इस मुठभेड़ में डीआरजी जवान एएसआइ रामूराम नाग (36) निवासी जगरगुंडा, असिस्टेंट कांस्टेबल जोगा कुंजाम (33) व सैनिक वंजाम भीमा (31) निवासी मरकागुड़ शहीद हो गए। वहीं इस मुठभेड़ में जवानों ने भी 6 नक्सलियों को ढेर करने का दावा किया है।
यह मुठभेड़ तब हुई जब जगरगुंडा क्षेत्र के नए स्थापित कुंदेड़ कैंप से निर्माणाधीन जगरगुंडा-बासागुड़ा सड़क की सुरक्षा के लिए जवानों की पार्टी निकली थी। कैंप से करीब दो किमी दूर आश्रमपारा के पास सुबह करीब साढ़े आठ बजे नक्सलियों ने घात लगाकर सुरक्षा बल पर हमला कर दिया। करीब एक घंटे की मुठभेड़ के बाद नक्सली वहां से भाग खड़े हुए। इस मुठभेड़ में हमारे तीन जवान शहीद हो गए।




