श्रीकंचनपथ डेस्क। आईफोन खरीदने के लिए पैसे नहीं होने पर 20 साल के युवक खौफनाक योजना बनाई। युवक ने पहले ऑनलाइन ऑर्डर कर आईफोन मंगाया। जब ई-कार्ट का कर्मी आईफोन की डिलिवरी देने पहुंचा तो मोबाइल लेकर पेमेंट करने की जगह डिलिवरी बॉय की हत्या कर दी। हत्या के बाद तीन दिन तक लाश को अपने घर पर ही रखा और उसके बाद मौका देखकर शव को ठिकाने लग दिया। जब राज खुला तो पुलिस भी हैरान रह गई कि क्या कोई ऐसा भी कर सकता है।

यह पूरी घटना कर्नाटक के हासन जिले के अर्सिकेरे शहर की है। पुलिस को अर्सिकेरे शहर के अंककोप्पल रेलवे स्टेशन के पास 11 फरवरी को एक जली हुई लाश मिली। जली लाश मिलने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू की। इस दौरान शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट चेक की गई। इस दौरान पता चला कि यहां के थाने में मंजू नाइक ने अपने 23 वर्षीय भाई हेमंत नाइक के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मंजू नाइक को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई तो वह हेमंत नाइक का निकला।
जांच हुई तो हैरान रह गई पुलिस
पुलिस ने जब मामले की जांच की तो वह भी हैरान रह गई। दरअसल हेमंत नइक फ्लिपकार्ट में डिलीवरी का काम करता है। जांच में पता चला कि हेमंत नाइक 7 फरवरी को अर्सिकेरे शहर के लक्ष्मीपुरा लेआउट के पास रहने वाले हेमंत दत्ता (20) के पास आईफोन की डिलवी देने गया और उसके बाद से वह गायब है। इसके बाद पुलिस ने हेमंत दत्ता को हिरासत में लिया और उससे कड़ाई से पूछताछ की तो पूरा राज खुला।
आईफोन के लिए रुपए नहीं थे तो कर दी हत्या
हेमंत दत्ता ने पैसे नहीं होने के बाद भी फ्लिपकार्ट पर आईफोन ऑर्डर कर दिया। इसकी डिलिवरी का जिम्मा ई-कार्ट के डिलीवरी बॉय हेमंत नाइक को मिला। तय वक्त पर हेमंत नाइक आईफोन की डिलीवरी करने के लिए हेमंत दत्ता के लक्ष्मीपुरा इलाके में स्थित घर पर पहुंच गया। फोन डिलीवर करते ही उसने फोन की कीमत 46 हजार रुपए देने के लिए कहा। उसके पास देने के लिए पैसे नहीं थे। उसने प्लान के मुताबिक हेमंत दत्ता ने बहाने से उसे घर के अंदर बुला लिया। नाइक के अंदर आते ही दत्ता चाकू लेकर उस पर टूट पड़ा और उस पर एक के बाद एक कई वार किए।
हत्या को अंजाम देने के बाद उसे कुछ समझ नहीं आ रहा था कि आखिर वह लाश को किस तरह से ठिकाने लगाए? इसलिए उसने 3 दिनों तक लाश को अपने घर पर ही रख लिया। तीन दिन बाद मौका पाकर उसने लाश को बोरे से ढका और स्कूटी पर लादकर सुबह-सुबह करीब 4.50 बजे उसे ठिकाने लगाने निकल पड़ा। यहां से युवक ने डिलिवरी बॉय नाइक की लाश को लेकर सीधे अंककोप्पल रेलवे स्टेशन के पास सुनसान इलाके में पहुंचा। एक जगह निश्चित कर उसने लाश को अपनी स्कूटी से उतारा और फिर उसे आग के हवाले कर दिया।
पुलिस ने सीसी टीवी फुटेज भी बरामद किया
आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने सीसी टीवी फुटेज भी बरामद किया है। फुटेज में देखा जा सकता है आरोपी युवक डिलिवरी बॉय की लाश को स्कूटी के सामने रखकर ले जा रहा है। एक फुटेज में पुलिस ने यह भी देखा कि आरोपी युवक पेट्रोलपंप से पेट्रोल भी खरीद कर ले जा रहा था। आईफोन की सनक और फ्री में पाने के लिए युवक ने खौफनाक तरीके से हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस ने रविवार को इस पूरे मामले का खुलासा किया है।




