राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के बोरतलाव थाना क्षेत्र में वाहनों की जांच में जुटे जवानों पर नक्सलियों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में दो जवान शहीद हो गए हैं। दोनों जवान बोरतलाव थाने में तैनात थे। छत्तीसगढ़ व महाराष्ट्र बॉर्डर पर वाहनों की जांच कर रहे थे इस दौरान 10 से 15 नक्सलियों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद जवानों ने भी मोर्चा संभाला। फायरिंग के बाद नक्सली जंगलों की ओर भाग गए।
मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव और महाराष्ट्र बार्डर में शराब तस्करी को रोकने के लिए पाइंट लगाया गया था। यहां पर जवान राजेश सिंह और ललित सम्रत की ड्यूटी लगाई गई थी जो आने जाने वाले वाहनों की जांच कर रहे थे। दोनों आरक्षक बाइक से प्वाइंट पर पहुंचे थे। सुबह 7 से 8 बजे के बीच नक्सलियों ने दोनों पर फायरिंग कर दी। आरक्षक राजेश सिंह के पेट, पैर के व गुप्तांग में गोली लगी। आरक्षक राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ललित सम्रत की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गयी।
मुख्यमंत्री बघेल ने जवानों की शहादत पर जताया गहरा दुख
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजनांदगांव जिले के बोरतालाब थाना क्षेत्र के समीप नक्सली हमले में 2 जवानों की शहादत पर गहरा दुख प्रकट किया है। सीएम बघेल ने शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा है कि पुलिस जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।





