रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार का वार्षिक बजट मार्च के पहले सप्ताह में प्रस्तावित है। विधानसभा ने सोमवार को बजट सत्र की अधिसूचना जारी कर दी है। एक से 24 मार्च के बीच बजट सत्र के दौरान 14 बैठकें प्रस्तावित की गई हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 3 से 6 मार्च के बीच बजट पेश कर सकते हैं। यह बजट छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का अंतिम पूर्ण बजट होगा।
विधानसभा द्वारा जारी बजट अधिसूचना के मुताबिक एक मार्च को सत्र की शुरुआत राज्यपाल अनुसुईया उइके के अभिभाषण से होगा। उसके बाद अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव आएगा। अगले दिन इस प्रस्ताव पर चर्चा होगी। दो मार्च को सरकार द्वारा आर्थिक सवेक्षण लाया जायगा। 3 या 6 मार्च को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ सरकार का वार्षिक बजट पेश कर सकते हैं। इसके बाद होली की छुट्टियां शुरू हो जाएंगी। 7 से 12 मार्च तक होली ही छुट्टी और उसके बाद 13 मार्च से फिर एक बार बजट सत्र शुरू होगा। पहले 13 से 17 मार्च व उसके बाद 20 से 24 मार्च तक बैठके होंगी।
इस साल का बढ़ सकता है बजट
पिछले साल की तूलना में इस साल का बजट बढ़ने की संभावना है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पिछले साल एक लाख 4 हजार 603 करोड़ रुपए का बजट पेश किया था जो कि छत्तीसगढ़ सरकार का अब तक का सबसे बड़ा बजट था। वहीं इस साल इसमें और अधिक इजाफा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि इस बार छत्तीसगढ़ सरकार का बजट एक लाख 8 हजार करोड़ को पार कर सकता है। हालांकि यह अभी अनुमान है कुछ दिनों में इसकी तस्वीर भी साफ होगी।




